बस्तर के युवाओं को मिले बराबर मौका,विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष हो - ठाकुर अजय सिंह बैस



जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर की कार्य परिषद के सदस्य ठाकुर अजय सिंह बैस ने कहा है कि विश्वविद्यालय में होने वाली सभी नियुक्तियां पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं योग्यता के आधार पर संपन्न होनी चाहिए, जिससे युवाओं का विश्वास विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया पर बना रहे।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में विभिन्न समाचार पत्रों, जनप्रतिनिधियों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से विश्वविद्यालय की प्रस्तावित भर्तियों को लेकर अनेक प्रश्न एवं शंकाएं व्यक्त की गई हैं। इन विषयों को गंभीरता से लेते हुए वे आगामी कार्य परिषद की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे तथा भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए आवश्यक सुझाव रखेंगे।

ठाकुर अजय सिंह बैस ने कहा कि वे कार्य परिषद के अन्य सम्मानित सदस्यों, विधायक गण, जनप्रतिनिधियों तथा कुलपति से भी इस विषय पर विस्तृत चर्चा करेंगे, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में किसी प्रकार के संदेह या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल के स्थानीय युवाओं सहित सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलना चाहिए तथा चयन प्रक्रिया पूरी तरह नियमों, योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर संपन्न हो। विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा तभी और मजबूत होगी, जब प्रत्येक अभ्यर्थी को यह विश्वास होगा कि उसके साथ न्यायपूर्ण व्यवहार किया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी या नागरिक के मन में भर्ती प्रक्रिया को लेकर कोई शंका हो, तो विश्वविद्यालय की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि उसे तथ्यों के आधार पर संतोषजनक जानकारी प्राप्त हो सके। पारदर्शिता ही किसी भी संस्थान की विश्वसनीयता का आधार है और शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय को इसी भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। बस्तर विवि से न केवल शिक्षा हेतु अपितु समस्त बस्तर वासी, पूर्व छात्र, अभिभावक गण शैक्षिणक और भावनात्मक रूप से जुड़े हुए है अतः यह विषय और संवेदनशील हो जाता है अतः पूरी प्रक्रियाओं में इतनी पारदर्शिता का समावेश हो कि प्रत्येक व्यक्ति संतुष्ट और विश्वसनीयता प्रामाणिक रूप से सिद्ध हो.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
/*-- Don't show description on the item page --*/
/*-- If we are replacing the title, force it to render anyway, and it'll be hidden in CSS. --*/

STAR CG NEWS