जगदलपुर.बीजापुर जिले के ग्राम पंचायत पिनकोडा स्थित सीआरपीएफ कैप में गुरुवार को नक्सलमुक्त क्षेत्रों मै आजीविका गतिविधियों के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (एनआईडी) दिल्ली से आए अधिकारियों ने महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं संभावनाओं पर चर्चा की।
बैठक में कलेक्टर विश्वदीप, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक तंबोली, विकासखंड परियोजना प्रबंधक रोहित शोरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने समूह की महिलाओं से बातचीत कर स्वरोजगार. कौशल विकास जैसे अन्य गतिविधियों को बढ़ाने पर चर्चा की गई। इस दौरान नक्सलमुक्त हो चुके क्षेत्रों में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्थानीय संसाधनों पर आधारित रोजगार के अवसर विकसित करने तथा समूह आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने महिलाओं को विभिन्न आजीविका योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में कार्य करने की बात कही। बैठक में महिला समूहों की दीदियों और ग्रामीणों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा गांव के विकास और रोजगार सृजन से जुड़े सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखें.


